“RE-SAF 2026 में उत्तराखण्ड को विशेष श्रेणी के राज्यों में द्वितीय स्थान, माननीय उपराष्ट्रपति द्वारा किया गया सम्मानित”

इस उपलब्धि के लिए दिनांक 05 नवम्बर, 2026 को भारत मण्डपम, नई दिल्ली में आयोजित Bharat Renewable Energy Summit & Expo 2026 के समापन समारोह में माननीय उपराष्ट्रपति, भारत गणराज्य द्वारा उत्तराखण्ड राज्य को प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड शासन के प्रमुख सचिव (ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा) डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, उत्तराखण्ड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (UPCL) एवं पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखण्ड लिमिटेड (PTCUL) के प्रबन्ध निदेशक पी.सी. ध्यानी तथा उत्तराखण्ड जल विद्युत निगम लिमिटेड (UJVNL) के प्रबन्ध निदेशक अजय कुमार सिंह ने राज्य की ओर से यह सम्मान प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि Bharat Renewable Energy Summit & Expo 2026 का आयोजन भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा दिनांक 02 से 05 नवम्बर, 2026 तक किया गया। RE-SAF के अंतर्गत राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के प्रदर्शन का मूल्यांकन नवीकरणीय ऊर्जा के विकास, नीतिगत एवं नियामकीय व्यवस्था, विद्युत ग्रिड में नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण की तैयारी तथा आधारभूत संरचना की उपलब्धता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मानकों पर किया जाता है।
उत्तराखण्ड राज्य का यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के यशस्वी मार्गदर्शन एवं प्रबंधन विशेषज्ञ माननीय मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के कुशल नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन का परिणाम है, जो कि उत्तराखण्ड सरकार एवं राज्य के ऊर्जा क्षेत्र के विभिन्न उपक्रमों द्वारा नवीकरणीय ऊर्जा को प्रोत्साहित करने, ग्रिड एकीकरण की क्षमता को सुदृढ करने तथा स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा विकास की दिशा में किए जा रहे सामूहिक एवं समन्वित प्रयासों को अंकित करता है।
यह उपलब्धि उत्तराखंड के ऊर्जा क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है तथा राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धता एवं प्रगति को रेखांकित करती है। यूपीसीएल स्वच्छ, हरित, विश्वसनीय एवं सतत ऊर्जा व्यवस्था के विकास में अपना योगदान निरंतर जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
