
श्रमिक मंत्र,देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा ने देश की आधी आबादी मातृशक्ति के साथ विश्वासघात किया है और अब अपने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए झूठ और भ्रम का जाल बुन रही है।
माहरा ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की प्रबल पक्षधर रही है और वर्ष 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन भी कांग्रेस ने पूरी मजबूती से किया था। लेकिन भाजपा ने इस ऐतिहासिक कानून को लागू करने के बजाय इसे जानबूझकर जनगणना और परिसीमन जैसी प्रक्रियाओं में उलझाकर टालने की रणनीति अपनाई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं के अधिकारों को सुनिश्चित करने के बजाय इसे केवल चुनावी हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है, ताकि जनता की भावनाओं को भड़काकर राजनीतिक लाभ लिया जा सके। संसद में हालिया घटनाक्रम को लेकर उन्होंने कहा कि परिसीमन और सीटों के पुनर्गठन से जुड़े संविधान संशोधन को इस तरह प्रस्तुत किया गया मानो विपक्ष महिला आरक्षण का विरोध कर रहा हो, जबकि सच्चाई इसके ठीक विपरीत है। कांग्रेस न केवल महिला आरक्षण के पक्ष में है, बल्कि वह चाहती है कि इसे बिना किसी देरी के तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए, ताकि देश की महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार मिल सके।
