लाखामंडल में चिंता सणी माता के मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, पांडव नृत्य और तांदी-झेंता ने मोहा मन

श्रमिक मंत्र,देहरादून। देहरादून जनपद के चकराता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लाखामंडल की ग्राम सभा धोरा-पुड़िया में मां चिंता सणी माता का नवरात्रि पर्व और ऐतिहासिक मेला धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान दूर-दराज से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में मत्था टेका और सुख-समृद्धि की कामना की।
मेले में पांडव नृत्य, देव-डोलियों का मिलन और देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना मुख्य आकर्षण रहे। वहीं, क्षेत्र की महिलाओं ने पारंपरिक लोक नृत्य तांदी, झेंता और रांसो की शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
स्थानीय लोगों और भाजपा नेत्री बचना शर्मा लाखामंडल के अनुसार, मां चिंता सणी माता के सिद्धपीठ की क्षेत्र में विशेष मान्यता है। पहले यहां झोटा बलि की परंपरा थी, लेकिन अब इसके स्थान पर नारियल चढ़ाया जाता है। यह मेला हर वर्ष नवरात्रि के अवसर पर आयोजित होता है।

मेले में प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा की विशेष आमंत्रित कार्यकारिणी सदस्य बचना शर्मा मौजूद रहीं। उन्होंने देश, प्रदेश और क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श हमें सत्य, न्याय और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा बढ़ाने तथा समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ओम प्रकाश, अनिल वर्मा, उषा वर्मा, जिला पंचायत सदस्य, पूर्व प्रधान त्रैपण राणा, बिट्टू राणा, अतर सिंह रावत, भगतराम शर्मा, घनश्याम सहित सैकड़ों ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं।
ग्रामीणों ने मेले के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
